फाइनल में एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल को 20 रन से हराया, सोहम सिंह बने मैन ऑफ द सीरीज; मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने विजेता टीम को सौंपी ट्रॉफी
रायपुर। टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी सीजन-6 का खिताब श्री शंकराचार्य विद्यालय (एसएसएवी) हुडको भिलाई ने अपने नाम कर लिया। 4 नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम ने एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल रायपुर को 20 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। रोमांचक मुकाबले में एसएसएवी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन बनाए। जवाब में एनएच गोयल की टीम 108 रन पर सिमट गई।
सोहम सिंह और आदित्य कनौजिया ने संभाली पारी
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसएसएवी हुडको भिलाई की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 128 रन बनाए। टीम की ओर से सोहम सिंह ने 46 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 36 रन बनाए। कप्तान आदित्य कनौजिया ने 32 गेंदों में 30 रन और मोहम्मद आदिल खान ने 25 गेंदों में 26 रन का योगदान दिया। अमिताभ सिंह ने भी 6 गेंदों में 10 रन बनाए।
एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल की ओर से कप्तान सार्थक धुप्पड़ ने 24 रन देकर 3 विकेट लिए। आरुष जैन और एकमदीप को एक-एक विकेट मिला।
108 रन पर सिमटी एनएच गोयल की टीम
129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल की टीम 19.1 ओवर में 108 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अर्जुन अग्रवाल ने 44 गेंदों में 35 रन और बृजेश सुल्तानिया ने 21 गेंदों में 25 रन बनाए। कविन जैन ने भी 19 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम लक्ष्य से 20 रन दूर रह गई।
एसएसएवी हुडको भिलाई की ओर से विधान ने 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। साहिया और सृजन सोनी ने 2-2 विकेट लिए। सोहम सिंह ने भी 2 विकेट चटकाए, जबकि कप्तान आदित्य कनौजिया को एक विकेट मिला।
सोहम सिंह बने मैन ऑफ द सीरीज, खिलाड़ियों को मिले व्यक्तिगत पुरस्कार
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए एसएसएवी हुडको भिलाई के सोहम सिंह को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्हें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार भी मिला। फाइनल मुकाबले के मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार इसी विद्यालय के साहित्य को दिया गया।
अन्य व्यक्तिगत पुरस्कारों में एमजीएम स्कूल रायपुर के स्वप्निल को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, एसएसएवी हुडको भिलाई के साहित्य को सर्वश्रेष्ठ फील्डर और केपीएस सरोना के शुभ को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर चुना गया।
32 स्कूलों के 500 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
टर्मिनेटर इंटरनेशनल क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का यह छठवां सीजन था। 17 अक्टूबर से 4 नवंबर तक चली इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 32 स्कूलों की टीमों के करीब 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कुल 56 टी-20 मुकाबले खेले गए।
इस सीजन में भी एक नई टीम चैंपियन बनी। प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि सभी मुकाबलों का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया गया। इससे दर्शक मैचों को सीधे देख सके।
विजेता एसएसएवी हुडको भिलाई को 40 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी दी गई, जबकि उपविजेता एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल रायपुर को 15 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बड़े स्तर पर खेलने का अवसर देती हैं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम को बधाई देते हुए टर्मिनेटर इंटरनेशनल क्रिकेट एकेडमी को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विप्र महाविद्यालय रायपुर के चेयरमैन और छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में खेलों की भूमिका और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देने की जरूरत पर अपने विचार रखे।
समारोह में आरंग नगर पालिका अध्यक्ष संदीप जैन, राज्य खेल एवं युवा आयोग के पूर्व सदस्य प्रशांत श्रीवास्तव, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त अमरजीत छाबड़ा, कुम्हारी नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा, केपीएस सरोना के डायरेक्टर राकेश मिश्रा और जिला युवा मोर्चा के खेल एवं कला प्रकोष्ठ से जुड़े जयेश तिवारी भी उपस्थित रहे।
स्कूली क्रिकेट को आगे बढ़ाना हमारा लक्ष्य : डॉ. शबाब कुरैशी
टर्मिनेटर इंटरनेशनल क्रिकेट एकेडमी के संस्थापक एवं डायरेक्टर डॉ. शबाब कुरैशी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्कूली क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना एकेडमी का प्रमुख लक्ष्य है। उनका कहना है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए लगातार प्रतिस्पर्धात्मक मैच खेलने के अवसर मिलने चाहिए। इससे खिलाड़ी तकनीकी रूप से बेहतर होने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनते हैं।
टर्मिनेटर इंटरनेशनल क्रिकेट एकेडमी की शाखाएं रायपुर, भिलाई, महासमुंद और कुम्हारी में संचालित हैं।





