झारखंड के छह जिलों में मिली जिम्मेदारी और छत्तीसगढ़ से कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर हुई चर्चा
रायपुर। दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। दिल्ली स्थित खरगे के निवास पर हुई इस मुलाकात में डहरिया ने महारैली की सफलता पर उन्हें बधाई दी। इस दौरान आंदोलन और संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
कांग्रेस के इस आंदोलन के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने डॉ. शिवकुमार डहरिया को झारखंड के छह प्रमुख जिलों का केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। पार्टी की ओर से दी गई इस जिम्मेदारी के तहत उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी निभाई।
महारैली में छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक दिल्ली पहुंचे थे। डहरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की इस भागीदारी को लेकर कांग्रेस की ओर से उत्साह जताया गया।
खरगे से मुलाकात के बाद डॉ. डहरिया ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा देता है। जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी आगे भी अपनी आवाज उठाती रहेगी।
मुलाकात के दौरान रामलीला मैदान की रैली में छत्तीसगढ़ और झारखंड से पहुंचे कार्यकर्ताओं की भागीदारी और उनके उत्साह पर भी चर्चा हुई। डहरिया ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ का संदेश देशभर में पहुंचाया जाएगा।
