आज एमजीएम स्कूल और केपीएस सरोना के बीच तीसरे स्थान के लिए मुकाबला, कल होगा खिताबी मैच
रायपुर। टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्री शंकराचार्य विद्यालय हुडको भिलाई और एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल ने फाइनल में जगह बना ली है। श्री शंकराचार्य विद्यालय ने एमजीएम स्कूल रायपुर को 43 रनों से हराया, जबकि एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल ने केपीएस सरोना को बड़े अंतर से पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल में टॉस जीतकर श्री शंकराचार्य विद्यालय भिलाई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 101 रन बनाए। टीम की ओर से सोहम सिंह ने 52 रन की शानदार पारी खेली, जबकि राजवीर सिंह राजपूत ने 15 रन बनाए। एमजीएम स्कूल की ओर से श्रेयांश शर्मा ने 3 और भावेश पांडे ने 2 विकेट लिए।
102 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमजीएम स्कूल रायपुर की टीम 58 रन पर सिमट गई। स्वप्नील ने सर्वाधिक 23 रन बनाए। श्री शंकराचार्य विद्यालय की ओर से साहित्य ने 5 विकेट और सृजन साहू ने 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। शानदार बल्लेबाजी के लिए सोहम सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल ने केपीएस सरोना को 187 रनों के बड़े अंतर से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
क्वार्टर फाइनल में इन टीमों ने दर्ज की जीत
सेमीफाइनल से पहले खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल ने शिवम विद्यापीठ अमलेश्वर को, एमजीएम स्कूल रायपुर ने हेरिटेज पब्लिक स्कूल भिलाई को, केपीएस सरोना ने रेयान इंटरनेशनल स्कूल को और श्री शंकराचार्य विद्यालय हुडको भिलाई ने श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी।
आज तीसरे स्थान के लिए मुकाबला, कल फाइनल
प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए आज 3 नवंबर को केपीएस सरोना और एमजीएम स्कूल रायपुर के बीच मुकाबला खेला जाएगा। वहीं, कल 4 नवंबर को श्री शंकराचार्य विद्यालय भिलाई और एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल के बीच फाइनल मुकाबला होगा। इसके साथ ही प्रतियोगिता का समापन समारोह भी होगा।
टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी 17 अक्टूबर से खेली जा रही है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की 32 स्कूली टीमों के 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कुल 56 मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के सभी मैचों का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण किया गया, जबकि लाइव स्कोर CricHeroes पर उपलब्ध कराए गए।
