निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मिल रही सराहना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं और जनजागरूकता के क्षेत्र में काम कर रही पाञ्चजन्य संतति विकास सेवा समिति को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने सम्मानित किया। सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में पूर्व विधायक, कैबिनेट मंत्री और सांसद स्वर्गीय मनहरण लाल पाण्डेय की जयंती पर आयोजित सम्मान समारोह में समिति के सदस्यों को स्मृति चिह्न और शॉल भेंट किए गए।
समिति को यह सम्मान स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और निस्वार्थ कार्य करने के लिए दिया गया। संस्था रायपुर एम्स अस्पताल के आसपास की विभिन्न सेवा बस्तियों और मोहल्लों में लगातार निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर चला रही है। इन शिविरों के जरिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ रक्तदान के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
समिति की ओर से लोगों का ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, हीमोग्लोबिन और रक्त समूह की जांच निःशुल्क की जाती है। संस्था के अनुसार, इन शिविरों का लाभ हर दिन अलग-अलग बस्तियों और मोहल्लों में करीब 30 से 50 लोग उठा रहे हैं। इस अभियान का संयोजन विनोद कुरेटी और कैलाश जी कर रहे हैं।
समारोह में भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय, अखिलेश सोनी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मितुल कोठारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर, भाजपा नेत्री हर्षिता पाण्डेय और किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी व ओमप्रकाश देवांगन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
