रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सोमवार को अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के निमोरा और धुसेरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उन्हें चॉकलेट बांटी और न्योता भोज में पौष्टिक भोजन कराया।
मंत्री राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार में भी हिस्सा लिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के परिवारों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से केंद्र में चल रही पोषण और बाल देखभाल गतिविधियों की जानकारी भी ली।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित आंगन मिलन सेवा का उद्देश्य बच्चों के पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और प्रारंभिक बाल विकास में परिवार और समुदाय की भागीदारी बढ़ाना है। मंत्री ने बच्चों से उनकी रुचियों के बारे में बातचीत की और उनके साथ समय बिताया।
लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और उनका बेहतर विकास उनके भविष्य की नींव है। इसके लिए परिवार और आंगनबाड़ी केंद्र के बीच लगातार जुड़ाव जरूरी है। उन्होंने माताओं से बच्चों के भोजन में दाल, हरी सब्जियों और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी परिसर में मुनगा का पौधा भी लगाया गया। मंत्री ने महिलाओं और माताओं को मुनगा के पौधे भेंट किए और उन्हें घर की बाड़ी या आसपास उपयुक्त स्थान पर पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
मंत्री ने कहा कि मुनगा स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध होने वाला उपयोगी पौधा है। इसे घरों और पोषण वाटिकाओं तक पहुंचाने से परिवारों को पौष्टिक आहार के एक अतिरिक्त स्रोत से जोड़ा जा सकता है।
महिलाओं और ग्रामीणों से संवाद के दौरान मंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न सेवाओं और योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के लिए ही नहीं, बल्कि गर्भवती महिलाओं, माताओं और परिवारों तक पोषण, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी जानकारी पहुंचाने का माध्यम भी हैं।
कार्यक्रम में अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
