रायपुर। विदेश मंत्रालय के नामांकन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री साय सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं, विकास के अवसरों और राज्य की प्राथमिकताओं को प्रस्तुत करेंगे।
SING फोरम 2026 का आयोजन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से किया जा रहा है। यह फोरम भारत और सिंगापुर के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें दोनों देशों के सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत और निवेश क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री साय फोरम में छत्तीसगढ़ के एमएसएमई, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को सामने रखेंगे। प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी के जरिए राज्य की औद्योगिक और कारोबारी संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखने के साथ संभावित सहयोग पर चर्चा की जाएगी।
सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास से जुड़े क्षेत्रों में भी संवाद करेगा। इसके लिए स्किल सेंटर, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं।
इन बैठकों में सिंगापुर के अनुभवों और विशेषज्ञता को छत्तीसगढ़ की जरूरतों के साथ जोड़ने तथा कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण और हरित विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सिंगापुर यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने का अवसर है। राज्य सरकार वैश्विक स्तर पर उपलब्ध विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार की संभावनाओं के जरिए विकास और रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक विश्वेश कुमार और मुख्यमंत्री के ओएसडी उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे।
