अहमदाबाद। 2026 हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज का आगाज आज 4 सितंबर से अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट में होगा। 4 से 10 सितंबर तक चलने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 19 देशों के 108 तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 86 अधिकारी भी शामिल होंगे।
भारतीय तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन गुजरात सरकार के खेल प्राधिकरण के सहयोग से किया जा रहा है। दुनिया के अलग-अलग देशों से पहुंचने वाले पैरा तीरंदाज इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 4 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें भारत के गृहमंत्री अमित शाह, भारतीय तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्जुन मुंडा, गुजरात सरकार के मुख्यमंत्री और खेल मंत्री सहित प्रायोजक हुंडई के प्रमुख अधिकारी शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ के लिए भी यह प्रतियोगिता खास है। प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाज तोमन कुमार इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में उतरने से छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों की नजर उनके प्रदर्शन पर रहेगी।
कैलाश मुरारका ने कहा कि पैरा तीरंदाजी में भारतीय खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। अहमदाबाद में होने वाली यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने का महत्वपूर्ण अवसर देगी।
मुरारका ने यह भी बताया कि वे स्वयं प्रतियोगिता में मौजूद रहेंगे और भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे। साबरमती रिवरफ्रंट पर होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर खेल जगत में भी उत्साह है।
