रायपुर। छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कलिंगा विश्वविद्यालय एक बार फिर बड़ा आयोजन करने जा रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा 6 जून को परिसर में टॉपर्स फेलिसिटेशन समारोह 5.0 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड की 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
हाल ही में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजीबीएसई) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित सम्मान समारोह के बाद अब विश्वविद्यालय राष्ट्रीय बोर्ड के मेधावी छात्रों को मंच प्रदान करेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान देना और उन्हें उच्च शिक्षा एवं करियर के बेहतर अवसरों से परिचित कराना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, 12वीं बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। वहीं 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को कलिंगा विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए 100 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा चयनित विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र और विशेष सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे। समारोह में करियर मार्गदर्शन सत्र, प्रेरक व्याख्यान, छात्र सहभागिता गतिविधियां और कैंपस एक्सपोजर कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को उच्च शिक्षा तथा रोजगार के उभरते अवसरों की जानकारी मिल सकेगी।
विश्वविद्यालय का कहना है कि यह पहल प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पहचान देने और उन्हें भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी, शिक्षाविद्, प्रेरक वक्ता, विशिष्ट अतिथि, विद्यार्थी और अभिभावकों की बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।
पात्र विद्यार्थियों के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और विश्वविद्यालय ने अधिक से अधिक मेधावी छात्रों से इस सम्मान समारोह में भाग लेने की अपील की है।
