5वां इंडिया ओपन अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सिंग कप 2026 में मुंबई टीम की पदकों की बारिश
नई दिल्ली। दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हाल ही में संपन्न 5वां इंडिया ओपन अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सिंग कप 2026 में मुंबई की किकबॉक्सिंग टीम ने शानदार और गर्वपूर्ण प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों की जमकर जीत दर्ज की। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की भव्य प्रतियोगिता में पोलैंड, कजाकिस्तान, तुर्की, इराक, अल्जीरिया, मिस्र और भारत के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
विश्वस्तरीय प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर देते हुए मुंबई टीम ने कुल 9 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर मुंबई की प्रतिष्ठा को और ऊंचा किया। टीम के खिलाड़ियों ने कठोर अभ्यास, अनुशासित तैयारी, आत्मविश्वास और जज्बे के बल पर पॉइंट फाइट, लाइट कॉन्टैक्ट, किक लाइट, के-1 और क्रिएटिव फॉर्म जैसे विभिन्न इवेंट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में
विन्स पाटील ने 1 स्वर्ण और 1 कांस्य,
आलोक ब्रीद ने 1 रजत और 1 कांस्य,
साहिल बापेरकर ने 1 रजत,
अश्विनी जांबले ने 1 रजत और 1 कांस्य,
यथार्थ बुडमला ने 2 स्वर्ण,
सैयद अहमद ने 1 रजत और 1 कांस्य,
दुर्वा गावडे ने 1 स्वर्ण और 1 रजत,
ग्रीष्म पटवर्धन ने 2 स्वर्ण और 1 रजत,
राजीव राजेश ने 1 स्वर्ण और 1 कांस्य,
जबकि सिद्धत गुप्ता ने 2 स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी चमक बिखेरी।
इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे स्पोर्ट्स किक बॉक्सिंग एसोसिएशन, मुंबई शहर के अध्यक्ष उमेश मुरकर और अंतरराष्ट्रीय रेफरी विघ्नेश मुरकर का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन, उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और निरंतर सहयोग निर्णायक साबित हुआ। साथ ही गुरुकुल कृति फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री और तैयारी उपलब्ध कराई गई, जिसका सीधा लाभ इस सफलता में दिखाई दिया।
महाराष्ट्र किकबॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष निलेश शेलार और वाको इंडिया के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों को भविष्य की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के दौरान टीम कोच भूपेश वैती और रेफरी आशिष महाडिक ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस शानदार उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन को हर स्तर से बधाइयां मिल रही हैं। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह दमदार प्रदर्शन कर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और उज्ज्वल करने की शुभकामनाएं दी जा रही हैं।



