लायंस क्लब रायपुर प्रेरणा के साथ मिलकर चला अभियान, छात्र-छात्राओं में दिखा खास उत्साह
रायपुर। (ASKCG) कलिंगा विश्वविद्यालय और लायंस क्लब रायपुर प्रेरणा के संयुक्त तत्वावधान में 20 जुलाई 2025 को विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में कुल 280 पौधे लगाए गए। इनमें स्थानीय जलवायु के अनुकूल देशी प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत कलिंगा विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हर्षा शर्मा द्वारा पौधारोपण से हुई। दोनों ने इस पहल को पर्यावरणीय स्थिरता की दिशा में एक सार्थक प्रयास बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए ताकि छात्रों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
कार्यक्रम का संचालन लायंस क्लब रायपुर प्रेरणा की सचिव डॉ. स्मिता प्रेमानंद ने किया। उनकी आयोजन क्षमता और उत्साह की सभी ने सराहना की। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष एमजेएफ लायन सुजाता अग्रवाल, एमजेएफ लायन पपिन्दर कौर पुसरी, लायन विनोद अग्रवाल, लायन नवनीत कौर ग्रेवाल, लायन बलबीर सिंह ग्रेवाल सहित क्लब के सभी सदस्य उपस्थित रहे और सक्रिय भागीदारी निभाई।
लायन सुजाता अग्रवाल ने कहा, “हर पौधा एक वादा है – शुद्ध हवा, हरियाली और जीवन का। यह अभियान केवल पौधे लगाने का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य की नींव रखने का प्रयास है।”
कार्यक्रम के पश्चात सभी प्रतिभागियों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था एमजेएफ लायन डॉ. संयुक्ता गांधी द्वारा की गई, जिसे सभी ने सराहा। अंत में क्लब की कोषाध्यक्ष एमजेएफ लायन दिल्शरीन कौर पुसरी ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी सहभागियों, क्लब सदस्यों, विश्वविद्यालय प्रशासन और स्वयंसेवकों को धन्यवाद दिया।
इस अवसर ने यह संदेश दिया कि यदि समाज और शिक्षा संस्थान मिलकर पर्यावरण की चिंता करें, तो हर परिसर हरित बन सकता है।
