रायपुर (ASKCG)। तिवरिया, धरसींवा-1 में सरकारी अस्पताल के पास बने SMC मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन बुधवार, 28 मई को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के कर कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, छ.ग. सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री छगनलाल मुंदड़ा समेत क्षेत्र के कई पंच-सर्पंच और नागरिक उपस्थित रहे।
रूरल और इंडस्ट्रियल एरिया के लिए वरदान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने डॉ. सतीश सूर्यवंशी को बधाई देते हुए कहा कि रूरल और इंडस्ट्रियल एरिया में इस प्रकार की अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा का होना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा, “यह इलाका औद्योगिक क्षेत्र है जहां अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे में यह हॉस्पिटल स्थानीय लोगों के लिए वरदान साबित होगा।”
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण देर से पहुंचा, इसके बावजूद उन्होंने अपने व्यस्त शेड्यूल से समय निकालकर उद्घाटन समारोह में भाग लिया।
इमरजेंसी और ट्रॉमा केसेस में मिलेगी राहत
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अस्पताल की सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि “यहां की डॉक्टर्स टीम समाज के लिए अनुकरणीय सेवा कर रही है। अब इमरजेंसी और ट्रॉमा केस में इलाज में देरी नहीं होगी।”
60 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक हॉस्पिटल, 24×7 ट्रॉमा केयर उपलब्ध
SMC मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में कुल 60 बेड हैं, जिसमें 14 बेड का ICU भी शामिल है। अस्पताल में 24×7 ट्रॉमा केयर, IVF रिसर्च यूनिट, कार्डियक केयर, हाई रिस्क प्रेगनेंसी, गायनी एवं ऑब्स्टेट्रिक्स, जनरल मेडिसिन, सर्जरी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, नेफ्रोलॉजी (डायलिसिस), यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, फिजियोथेरेपी और डायटेटिक्स जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं।
मॉड्यूलर OT से लेकर IVF तक की सुविधा
अस्पताल में अत्याधुनिक तकनीक से लैस मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर, कलर डॉपलर, इकोकार्डियोग्राफी, होल्टर मॉनिटरिंग, बीपी और शुगर मॉनिटरिंग, एंबुलेंस सेवा 24 घंटे उपलब्ध है। निकट भविष्य में किडनी और लीवर ट्रांसप्लांट तथा जॉइंट रिप्लेसमेंट की सुविधा शुरू की जाएगी।
महिलाओं के लिए विशेष IVF केंद्र
बांझपन से जूझ रही महिलाओं के लिए IVF एवं हाई रिस्क प्रेगनेंसी ट्रीटमेंट की भी सुविधा यहां उपलब्ध है। महिला रोगियों के लिए अत्याधुनिक उपचार की व्यवस्था की गई है।
डायरेक्टर्स की टीम
अस्पताल का संचालन डॉ. सतीश सूर्यवंशी, डॉ. प्रज्ञा सूर्यवंशी, डॉ. एस.एस. मोहंती, डॉ. ममता दास, शिवेन्द्र दुबे- कामना दुबे, डॉ. जावेद आलम और तमन्ना के संयुक्त निर्देशन में किया जा रहा है।
