रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘पदयात्रा सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में होने वाले आठ दिवसीय अभियान में नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान स्थानीय जनसमस्याओं को भी शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पदयात्रा सप्ताह की शुरुआत 25 सितंबर को दोपहर 3 बजे तेलीबांधा थाना चौक स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इसके बाद विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में पदयात्रा तेलीबांधा होते हुए शहीद भगत सिंह चौक और गौरव पथ तक जाएगी। पहले दिन रविग्राम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक, यह अभियान 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से शुरू होकर 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती तक चलेगा। आठ दिनों के दौरान रायपुर शहर के अलग-अलग इलाकों और प्रमुख चौक-चौराहों से पदयात्रा निकाली जाएगी।
26 सितंबर को पदयात्रा गौरव पथ से शुरू होकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद कलेक्टोरेट चौक पहुंचेगी। यहां छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
27 सितंबर को कलेक्टोरेट चौक से शुरू होने वाली पदयात्रा शास्त्री चौक, जयस्तंभ चौक होते हुए शारदा चौक पहुंचेगी। इस दौरान शास्त्री जी और शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। शारदा चौक पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ दिन का कार्यक्रम पूरा होगा।
28 सितंबर को शारदा चौक से पदयात्रा शुरू होकर तात्यापारा चौक, नवीन मार्केट, रामसागर पारा और राठौर चौक होते हुए गुरुनानक चौक पहुंचेगी। इस दौरान खूबचंद बघेल और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा।
29 सितंबर को गुरुनानक चौक से पदयात्रा मौदहापारा होते हुए फाफाडीह पहुंचेगी। 30 सितंबर को फाफाडीह चौक से सरदार वल्लभ भाई चौक तक पदयात्रा निकाली जाएगी। 1 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई चौक से पदयात्रा शुरू होकर पंडरी पुराने बस स्टैंड पहुंचेगी, जहां मिनीमाता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
पदयात्रा सप्ताह का समापन 2 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे मेडिकल कॉलेज सभागार में होगा। आयोजकों के अनुसार, समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका सहित प्रदेश के जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का सम्मान भी किया जाएगा।
विधायक पुरन्दर मिश्रा के मुताबिक, वे पिछले 27 वर्षों से पदयात्रा के माध्यम से जनजागरूकता से जुड़े अभियान चलाते आ रहे हैं। उनके अनुसार, पिछले 26 वर्षों में नशामुक्ति को लेकर चलाए गए अभियानों के माध्यम से 22,640 लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया है। इस बार भी नशामुक्ति को अभियान का प्रमुख विषय बनाया गया है।
आयोजकों ने रायपुर उत्तर क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों से पदयात्रा सप्ताह में शामिल होने की अपील की है। अभियान के दौरान लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को संबंधित विभागों तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा।
