रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के मुख्यालय, नवा रायपुर में निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रदेश के सभी जिला प्रबंधकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चावल उपार्जन एवं भंडारण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के निर्णय अनुसार प्रदेश के हितग्राहियों को तीन माह का चावल एकमुश्त उपलब्ध कराया जाना है। इसके तहत 7 अप्रैल को आयोजित होने वाले चावल उत्सव से पहले सभी उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त मात्रा में चावल उपलब्ध कराना जिला प्रबंधकों की जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने कहा कि मई और जून माह का चावल भी हर हाल में समय से दुकानों तक पहुंचाया जाए, ताकि हितग्राहियों को तीन माह का राशन एक साथ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही चावल की गुणवत्ता मानक के अनुरूप हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
संजय श्रीवास्तव ने भंडारण और परिवहन से जुड़ी किसी भी समस्या, जैसे लेबर की कमी या लॉजिस्टिक दिक्कत, की स्थिति में तत्काल मुख्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलों के कलेक्टरों के साथ समन्वय बनाकर तय समय-सीमा में भंडारण कार्य पूर्ण किया जाए। समय पर चावल वितरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
चावल उपार्जन की गति बढ़ाने के लिए मिलर्स के साथ समन्वय कर शीघ्र चावल जमा कराने और किसी भी जिले में कमी की स्थिति न बनने देने पर भी जोर दिया गया। इसके लिए जिला स्तर पर बैठक कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सभी जिला प्रबंधकों ने अपने-अपने जिलों की स्थिति की जानकारी दी और चावल उत्सव से पहले पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कार्यपालन संचालक (वित्त) राजेश कुमार सिसोदिया, एजीएम महेंद्र साहू, डिप्टी एजीएम त्रिनाधा रेड्डी, डिप्टी एजीएम मनोज वर्मा, मैनेजर एन.के. मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
