बालोद के पैरा तीरंदाज तोमन कुमार को प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर बुलाकर किया सम्मानित, कैलाश मुरारका ने दी जानकारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पैरा तीरंदाज तोमन कुमार ने मुश्किल हालात के बावजूद अपनी मेहनत और हौसले से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नक्सली गतिविधियों के दौरान अपना एक पैर गंवाने वाले तोमन कुमार ने तीरंदाजी में देश का नाम रोशन करते हुए एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता।
भारतीय तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तोमन कुमार सहित पैरा एथलीटों को अपने निवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। यह सम्मान उन खिलाड़ियों के संघर्ष, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को पहचान देने वाला है।
संघर्ष को पीछे छोड़ बनाई पहचान
तोमन कुमार की कहानी उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो मुश्किल परिस्थितियों के सामने हार मान लेते हैं। नक्सली गतिविधियों में अपना एक पैर गंवाने के बाद भी उन्होंने खेल के मैदान में वापसी की और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की।

