रायपुर। राजधानी में पहली बार आयोजित AIFF एलीट लीग यानी यूथ आई-लीग अंडर-18 के ग्रुप-G मुकाबले में RKM फुटबॉल अकादमी नारायणपुर ने रोमांचक मुकाबले में ब्रह्मविद फुटबॉल अकादमी रायपुर को 2-1 से हरा दिया। कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में खेले गए मैच का फैसला आखिरी मिनटों में हुआ, जब 92वें मिनट में सुच्चंद दुग्गा ने निर्णायक गोल कर RKM FA को जीत दिलाई।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। ब्रह्मविद FA ने पहले हाफ में बेहतर शुरुआत की और 45वें मिनट में साईं संकित ने गोल कर रायपुर की टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद RKM FA ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए।
दूसरे हाफ में नारायणपुर की टीम ने वापसी की। 53वें मिनट में अखिल धुरवा ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बढ़त हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किए। तेज पासिंग और आक्रामक खेल के कारण मुकाबला आखिरी मिनट तक रोमांचक बना रहा।
जब मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, तभी इंजरी टाइम में RKM FA को बड़ी सफलता मिली। 92वें मिनट में सुच्चंद दुग्गा ने निर्णायक गोल दागकर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद ब्रह्मविद FA बराबरी नहीं कर सकी और RKM नारायणपुर ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ RKM फुटबॉल अकादमी नारायणपुर ने AIFF एलीट यूथ आई-लीग अंडर-18 के ग्रुप-G में आगे के मुकाबलों के लिए क्वालीफाई किया। टीम की इस जीत को बस्तर के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ फुटबॉल की बदलती तस्वीर भी नजर आई। एक तरफ ब्रह्मविद FA रायपुर सहित भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़ और प्रदेश के दूसरे शहरी क्षेत्रों की युवा प्रतिभाओं को मंच दे रही है, वहीं RKM FA नारायणपुर बस्तर के खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व कर रही है।
रायपुर में पहली बार यूथ आई-लीग के आयोजन से प्रदेश के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। राजधानी से लेकर बस्तर तक के खिलाड़ियों का एक ही प्रतियोगिता में मुकाबला करना छत्तीसगढ़ में फुटबॉल के बढ़ते आधार को भी दर्शाता है।


