आरंग/रायपुर। लगातार बारिश के बीच आरंग क्षेत्र के समोदा और कागदेही में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाया। नदी किनारे बसे परिवारों और बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर समोदा के महाविद्यालय भवन और सामुदायिक भवन में ठहराया गया।
सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद प्रभावित परिवारों के लिए रहने और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई। उनकी जरूरत के अनुसार राशन, कपड़े, गर्म कपड़े और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने स्वयं प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत व्यवस्था का जायजा लिया।
मंत्री ने कहा कि आपदा के समय सबसे पहली प्राथमिकता लोगों की जान और सुरक्षा है। इसी को ध्यान में रखते हुए नदी किनारे और बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की जरूरतों का लगातार आकलन किया जा रहा है और आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि सुरक्षित भवनों में ठहराए गए परिवारों के भोजन, पेयजल, राशन, कपड़े और दैनिक जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी परिवार को आवश्यकता होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
गुरु खुशवंत साहेब ने प्रभावित परिवारों से कहा कि संकट की इस घड़ी में कोई भी परिवार खुद को अकेला न समझे। प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनके साथ हैं और लोगों की सुरक्षा एवं सहायता को प्राथमिकता दी जा रही है।
आरंग क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच प्रशासन और स्थानीय स्तर पर बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
