अहमदाबाद। भारत की स्टार पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने अहमदाबाद में चल रही 2026 हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए कंपाउंड महिला क्वालिफिकेशन में पहला स्थान हासिल किया। 19 वर्षीय शीतल ने 698 अंक के साथ सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और अपना ही एशियाई रिकॉर्ड एक अंक से बेहतर कर दिया। विश्व तीरंदाजी की रिपोर्ट के मुताबिक शीतल ने क्वालिफिकेशन में 25 बार 10 और 26 बार X निशाना लगाया।
शीतल देवी की इस उपलब्धि के साथ भारत को एक और बड़ी सफलता मिली। उन्होंने अनुभवी भारतीय पैरा तीरंदाज राकेश कुमार के साथ मिलकर कंपाउंड मिक्स्ड टीम क्वालिफिकेशन में नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। दोनों ने मिलकर 1400 अंक हासिल किए, जो पेरिस 2024 पैरालंपिक में बनाए गए पिछले विश्व रिकॉर्ड से एक अंक अधिक है।
शीतल ने महिला डबल्स में भी शानदार प्रदर्शन किया। ललपति के साथ मिलकर उन्होंने 1368 अंक हासिल किए और कंपाउंड महिला डबल्स में टॉप सीड हासिल की।
वहीं, कंपाउंड पुरुष वर्ग में इंडोनेशिया के केन स्वागुमिलांग 704 अंक के साथ क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रहे। भारत के राकेश कुमार ने 702 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि मौजूदा विश्व चैंपियन और भारत के तीरंदाज तोमन कुमार 696 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे। राकेश कुमार और तोमन कुमार ने पुरुष डबल्स में 1398 अंक हासिल कर टॉप सीड भी हासिल की।
तोमन कुमार का प्रदर्शन छत्तीसगढ़ के लिए भी खास है। इससे पहले प्रतियोगिता में उनके शामिल होने की जानकारी सामने आई थी। अब क्वालिफिकेशन में विश्व चैंपियन तोमन का चौथे स्थान पर रहना और पुरुष डबल्स में टॉप सीड हासिल करना भारतीय पैरा तीरंदाजी के लिए एक और मजबूत प्रदर्शन माना जा रहा है।
अहमदाबाद में आयोजित यह प्रतियोगिता 2026 हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज का तीसरा चरण है। प्रतियोगिता में भारत की मेजबानी में शीतल देवी के प्रदर्शन ने घरेलू दर्शकों के लिए इसे खास बना दिया है। अब प्रतियोगिता में एलिमिनेशन राउंड और VI1 वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
शीतल देवी की नजर अब आगामी आइची-नागोया 2026 एशियन पैरा गेम्स पर भी है, जहां वह कंपाउंड महिला व्यक्तिगत और मिक्स्ड टीम के अपने खिताब का बचाव करेंगी।
