दिल्ली/रायपुर। (ASKCG) दिल्ली में आज भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रल्हाद वेंकटेश जोशी (नवकरणीय ऊर्जा मंत्रालय – एमएनआरई) के साथ छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी और सीईओ राजेश सिंह राणा की एक सार्थक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य में सौर ऊर्जा से संबंधित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री कुसुम योजना के कंपोनेंट-बी के अंतर्गत किसानों के लिए 20,000 सोलर पंप स्वीकृत करने के लिए प्रस्ताव सौंपा गया। साथ ही कंपोनेंट-ए एवं कंपोनेंट-सी से संबंधित प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री को प्रस्तुत किए गए।
इसके अतिरिक्त निम्न विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई:
प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) योजना के अंतर्गत 1,578 घरों के सौर विद्युतीकरण हेतु राशि की स्वीकृति।
बलरामपुर जिले के ग्राम तातापानी में जियोथर्मल पावर प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन।
राज्य के विभिन्न स्टेडियमों में ऑन-ग्रिड सोलर पावर प्लांट की स्थापना।
धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA-JGUA) के अंतर्गत ग्रामीण घरों के सौर विद्युतीकरण।
केंद्रीय मंत्री श्री जोशी ने सभी प्रस्तावों और विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निर्णय का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एमएनआरई के प्रमुख अधिकारी भी उपस्थित रहे।


