रायपुर। छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के वार्षिक अधिवेशन एवं प्रांतीय आमसभा का आयोजन रविवार को कर्मचारी भवन, सप्रे शाला परिसर, रायपुर में संपन्न हुआ। प्रदेशभर से आए जिला अध्यक्षों, प्रांतीय पदाधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में आयोजित आमसभा में संघ के प्रांताध्यक्ष का निर्वाचन किया गया। वर्तमान प्रांताध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी को एक बार फिर सर्वसम्मति से निर्विरोध प्रांताध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
आमसभा के दौरान संगठन की मजबूती, कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं तथा संघ की आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारियों ने शासन स्तर पर लंबित मांगों के निराकरण के लिए आंदोलन की रणनीति तैयार करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने चंद्रशेखर तिवारी के नेतृत्व पर पुनः विश्वास जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन लगातार कर्मचारियों की आवाज बुलंद करता रहा है। संगठन की वर्तमान आवश्यकताओं और दूरदर्शी सोच को देखते हुए सभी सदस्यों ने उन्हें पुनः निर्विरोध प्रांतीय अध्यक्ष चुना।
नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर संगठन पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेगा। उन्होंने कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
आमसभा के दौरान संघ के वरिष्ठ सदस्यों, जिला अध्यक्षों एवं सेवानिवृत्त सदस्यों का शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में संघ के संरक्षक रामाधार साहू, राजेंद्र चंद्राकर, रुपेश तिवारी और हरिवल्लभ शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला अध्यक्ष चंदू चंद्राकर, राकेश राजेश पाण्डेय (धमतरी), अर्जुन क्षत्रिय, निधि जायसवाल (जांजगीर), दिलीप तिवारी (महासमुंद), एम.आर. खान, बसंत द्विवेदी (गरियाबंद), चंद्रशेखर पाण्डेय, कौशल कौशिक (बिलासपुर), गोवर्धन विश्वास (पेंड्रा-मरवाही), फारुख कादरी (रायपुर), सोहन भगत (जशपुर), अनिल रात्रे (कोरबा), नवीन केशरी (अंबिकापुर), मुक्तेश्वर देवांगन, तिलक यादव, देवेंद्र साहू, आयुष सिंह, विजय वर्मा, रविंद्र मरकाम, अरुण ध्रुव, दीपांकर मंडल और करीम खान सहित प्रदेशभर के ब्लॉक एवं तहसील अध्यक्ष बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन मुक्तेश्वर देवांगन ने किया।

