रायपुर। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के लिए वर्ष 2026-27 की नई नियुक्तियों की घोषणा कर दी गई है। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आलम सिंह रूपराह और डिस्ट्रिक्ट सचिव अजय अग्रवाल ने रायपुर की शैली छुगानी को डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी (छत्तीसगढ़) तथा प्रदीप गोविंद शितूत को असिस्टेंट गवर्नर नियुक्त किया है।
दोनों पदाधिकारियों की नियुक्ति पर रोटरी क्लब के सदस्यों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। रोटरी संगठन से लंबे समय से जुड़े शैली छुगानी और प्रदीप गोविंद शितूत इससे पहले भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
प्रदीप गोविंद शितूत वर्तमान में रायपुर ब्राइट फाउंडेशन, रोटरी मैत्री ट्रस्ट और बाल समाज के अध्यक्ष हैं। वे वर्ष 2025-26 में रोटरी क्लब ऑफ रायपुर के चेयरमैन (एल्युमिनी) तथा वर्ष 2024-25 में सिटी कोऑर्डिनेटर के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2023-24 में उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ रायपुर के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाली थी।
शितूत सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों से भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। वे सौ. कुसुम ताई दाबके स्मृति पाठशाला प्रबंध समिति, तात्यापारा, रायपुर में सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
रोटरी क्लब के सदस्यों ने विश्वास जताया है कि दोनों पदाधिकारी अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के बल पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
