रायपुर। नववर्ष के अवसर पर समाजसेवी संस्था “बढ़ते कदम” द्वारा एक मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का सफल आयोजन किया गया, जिसमें 50 लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नववर्ष की शुरुआत नेक कार्य के साथ करना और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना था।
यह रक्तदान शिविर गुरुवार, 1 जनवरी 2026 को मरीन ड्राइव, तेलीबांधा में आयोजित किया गया, जो शाम 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक चला। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, समाजसेवियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया। आयोजकों के अनुसार, एक यूनिट रक्त से तीन जिंदगियां बचाई जा सकती हैं, इसी संदेश को केंद्र में रखकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समाजसेवी संस्था बढ़ते कदम के पूर्व अध्यक्ष राजू झमनानी, रक्तदान प्रभारी यथार्थ गुरुबक्षाणी, राजू नत्थानी और प्रदीप सिहानी ने बताया कि रक्तदाताओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक रक्तदाता को सम्मान स्वरूप स्मार्ट वॉच भेंट की गई। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
आयोजन को सफल बनाने में स्वयंसेवकों और चिकित्सा टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्था “बढ़ते कदम” ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।



