रायपुर। (ASKCG) नवा रायपुर के महानदी भवन में क्रेडा (छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण) के शासी निकाय की 43वीं बैठक क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में क्रेडा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई तथा आगामी योजनाओं के संबंध में कई अहम निर्णय लिये गये।
बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए अपारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर आधारित संयंत्रों एवं परियोजनाओं हेतु अनुदान दरों को मंजूरी दी गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2023-24 के लेखों का अनुमोदन भी किया गया। क्रेडा द्वारा स्थापित संयंत्रों के सुचारु संचालन एवं रख-रखाव को सुनिश्चित करने हेतु यह निर्णय लिया गया कि निविदा की प्रत्येक कार्य लागत में से 10 प्रतिशत राशि को सुरक्षा निधि के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा।
इसके अलावा, ग्रामीण विकास और सार्वजनिक हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को स्वीकृति दी गई। किसानों को सिंचाई सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री कुसुम योजना के कंपोनेंट बी के तहत 20,000 सिंचाई पम्पों की स्थापना के लिए राज्यांश की राशि अनुपूरक बजट में शामिल करने का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम घिरगौली, तहसील छुईखदान में स्थित शासकीय बंजर भूमि पर सोलर पार्क के विकास का प्रस्ताव, अटल नगर नवा रायपुर विकास प्राधिकरण क्षेत्र अंतर्गत सभी शासकीय भवनों को ग्रिड कनेक्टेड सौर ऊर्जा संयंत्रों से विद्युत आपूर्ति करने का प्रस्ताव तथा क्रेडा के नए कार्यालय भवन के निर्माण हेतु आवश्यक राशि की स्वीकृति संबंधी प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक के समापन पर क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और उन्हें जनसामान्य तक प्रभावी रूप से पहुँचाया जाए।
इस अवसर पर ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, क्रेडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश सिंह राणा, शासन के विभिन्न विभागों के सचिव, उप सचिव तथा क्रेडा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


